Jamtara: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जामताड़ा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जिले के विकास और जनहित से जुड़ी 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. इस दौरान झामुमो जिला कोषाध्यक्ष सह युवा नेता प्रदीप मंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की प्रमुख समस्याओं और मांगों को रखा.
जामताड़ा की समस्याओं पर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा
प्रदीप मंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जामताड़ा जिले की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही और उन्होंने समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक पहल का भरोसा दिया.
पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में विकास की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने गांगुडीह में पर्यटन स्थल के विकास, कटनकी में पॉलिटेक्निक कॉलेज का संचालन और जामताड़ा कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करने की मांग की. इसके अलावा नारायणपुर के बांकुडीह उच्च विद्यालय को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में परिवर्तित करने तथा पबिया में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई.
सदर अस्पताल में आईसीयू और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सदर अस्पताल जामताड़ा में आईसीयू का संचालन जल्द शुरू करने की मांग की. साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मियों की नियुक्ति तथा प्रमुख विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया.
सड़क और परिवहन व्यवस्था सुधारने की मांग
ज्ञापन में मिहिजाम-कानगोई में रेल ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई. इसके अलावा पंचायतों में जर्जर बिजली पोल और तार बदलने की भी मांग की गई. केन्द्रवाटांड़ स्टेट हाईवे से बांकुडीह होते हुए गांगुडीह और मोहनपुर तक सड़क को पथ प्रमंडल में स्थानांतरित करने तथा मिहिजाम में औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र यानी आईटीआई की स्थापना की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई.
विकास को गति देने का आग्रह
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सभी 11 सूत्री मांगों पर जल्द पहल करने और जामताड़ा जिले के विकास को गति देने का आग्रह किया. मौके पर अशोक मंडल, इम्तियाज अंसारी, सगीर खान, सुधांशु शेखर सहित अन्य झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ: जामताड़ा में अधिक बारिश के पूर्वानुमान को लेकर अलर्ट, DC ने अधिकारियों को दिए एहतियाती निर्देश
