RANCHI: विश्व प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी और भारत की शान साइना नेहवाल शनिवार को अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर बाबा नगरी देवघर पहुंचीं. बाबा बैद्यनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा प्रकट करते हुए उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक कामना लिंग की विशेष पूजा-अर्चना की और महादेव का आशीर्वाद लिया.
विधि-विधान से किया जलाभिषेक
मंदिर पहुंचने के बाद साइना नेहवाल ने तीर्थ पुरोहितों के सानिध्य में पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. उन्होंने न केवल अपनी व्यक्तिगत सुख-शांति बल्कि देश की समृद्धि, प्रगति और शांति के लिए भी बाबा से मंगल कामना की. पूजा के दौरान साइना पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबी नजर आईं.
श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
जैसे ही खेल जगत की इस दिग्गज हस्ती के मंदिर आगमन की सूचना मिली, परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह देखा गया. प्रशंसकों ने अपनी पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने की कोशिश की, वहीं साइना ने भी शालीनता के साथ सभी का अभिवादन स्वीकार किया.
