Bermo: बेरमो अनुमंडल के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जरंगडीह पुल के समीप बनासो मंदिर जाने वाले मार्ग के पास मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे कोनार नदी में नहाने के दौरान एक 65 वर्षीय महिला तेज बहाव में बह गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के नदी में बहने की भनक लगते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और तुरंत उसकी तलाश में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद महिला को जरीडीह बस्ती के कर्माटांड़ के पास नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
धनबाद में चल रहा था महिला का इलाज
मृतका की पहचान लोधरबेड़ा निवासी धनीराम महतो की पत्नी इंदिया देवी (65 वर्ष) के रूप में की गई है. परिजनों ने बताया कि इंदिया देवी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और उनका धनबाद से इलाज जारी था. मंगलवार सुबह वह अचानक घर से निकल गई थीं और संभवतः नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं.
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. मृतका अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
ALSO READ: JPSC मामले में CID की छापेमारी सरकार की ‘डैमेज कंट्रोल’ कोशिश, CBI जांच हो: सुदेश महतो
