Bermo : कोनार डैम में 8 मेगावाट का सोलर प्लांट निर्माण कार्य अभीतक पूरा नहीं हुआ है. डीवीसी के चेयरमैन एस सुरेश कुमार ने पांच माह पहले शिलान्यास किया था. उन्होंने कोनार डैम में विगत वर्ष 23 नवंबर को शिलान्यास किया था. डीवीसी मुख्यालय कोलकाता से लगभग आधा दर्जन से ज्यादा वरीय अधिकारियों की टीम आई थी. इसके अलावा विभिन्न प्रोजेक्टों के वरीय जीएम भी मौजूद थे. कोनार डैम स्थित सब स्टेशन के बगल की खाली जमीन पर सोलर प्लांट का शिलान्यास किया गया था. प्लांट निर्माण का कार्य निविदा के तहत नोएडा की सिनर्जी नामक कंपनी को दिया गया. कंपनी ने विगत पांच माह में केवल सोलर का पैनल ही गिराया है. जिस स्थान पर पैनल गिराया गया है, उसकी बैरेकेटिंग किया जा चुका है.
यह भी पढ़ें : मनरेगा पर आर-पार, झारखंड ने केंद्र से कहा–बकाया भुगतान करो, मजदूरी बढ़ाओ
वरीय अधिकारी ने कहा- जल्द निर्माण कार्य होगा पूरा
8 मेगावाट के सोलर प्लांट शिलान्यास के समय डीवीसी चेयरमैन एवं कोनार डैम के एचओपी राणा रणजीत सिंह ने कहा था कि निर्माण कार्य चार माह में पूरा कर लिया जाएगा. सोलर का कार्य पूरा होने के बाद डैम के पानी में 228 मेगावाट के फ्लोटिंग प्लांट का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा. 228 मेगावाट के फ्लोटिंग कार्य के सिलसिले डीवीसी मुख्यालय कोलकाता के सोलर इंचार्ज धर्मेंद्र शर्मा पांच सदस्यों वाली टीम के साथ दो दिन पहले कोनार डैम पहुंचे. उन्होंने स्टडी करने का कार्य किया. सोलर प्लांट निर्माण कार्य में विलंब को लेकर पूछे जाने पर कोनार के एचओपी सह डीजीएम मैकेनिकल राणा रणजीत सिंह ने कहा कि कार्य करनेवाले संवेदक के द्वारा मुख्यालय से ड्राइंग के एप्रूवल में काफी विलंब किया गया. इसके कारण कार्य में विलंब हुआ है. उन्होंने कहा कि डीवीसी की ओर से किसी भी प्रकार का विलंब नहीं था. एचओपी ने कहा कि निर्माण को लेकर पाइलिंग का कार्य जारी है. कंपनी ने सोलर का पैनल सहित अन्य सामग्री मंगवाकर रखा है. कहा कि 35 एकड़ जमीन में सोलर प्लांट का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा होगा.

यह भी पढ़ें : रांची: 1 से 3 मई तक स्वदेशी और संस्कृति का महाकुंभ, 10 हजार कलाकार होंगे शामिल
