Simdega: JPSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को सिमडेगा जिले में असर देखने को मिला. बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क पर उतर गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. BJP कार्यकर्ताओं ने सिमडेगा के बीरू सहित कई स्थानों पर एनएच-143 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों पर हुई कार्रवाई का विरोध किया.
केरसई में भी घूम-घूमकर बंद कराया, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
बंद समर्थक भाजपा कार्यकर्ता सिमडेगा बस स्टैंड भी पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री बसों का परिचालन बंद कराया. इसके कारण बस स्टैंड में यात्री परेशान नजर आए. कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा. इधर, केरसई प्रखंड क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर घूम-घूमकर बंद कराया. कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और वाहन चालकों से प्रतिष्ठान और वाहनों का परिचालन बंद रखने की अपील की.
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. BJP नेताओं का कहना है कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और पूरे मामले का समाधान बातचीत के माध्यम से करने की मांग की.
ALSO READ: भारत में iPhone इतना महंगा क्यों? जानें 1 लाख रुपये के फोन में टैक्स और Apple का कितना हिस्सा

