Chakradharpur: पश्चिम सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में राज्य सरकार की नीतियों एवं विकास कार्यों को लेकर विपक्षी भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया गया. निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में सभी मंडलों में एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित कर राज्यपाल महोदय को ज्ञापन सौंपा जाएगा. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास राज्य के विकास को लेकर स्पष्ट नीति एवं योजनाओं का अभाव है. इसी विषय को लेकर मंडल स्तर पर विरोध कार्यक्रम चलाने की रणनीति बनाई गई. साथ ही संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने पर भी चर्चा हुई.

यह भी पढ़ें: किताबों से आगे बढ़ा रांची विश्वविद्यालय: अब पॉडकास्ट के जरिए होगी सीधी बातचीत
राज्य सरकार हरेक मोर्चे पर विफल
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है. गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के विकास के लिए सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है. भाजपा हमेशा जनता की आवाज उठाने का कार्य करती रही है और आगे भी जनता के हित में संघर्ष जारी रहेगा. मौके पर पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गगराई, रीता सामड, जिला महामंत्री तीर्थ जामुदा, गोरखनाथ बोदरा (डारे बोदरा), संजय मिश्रा, गणेश तांती, नगर अध्यक्ष अनूप दुबे, मंडल अध्यक्ष दुर्योधन प्रधान, मंडल अध्यक्ष कांडे पाड़िया, रामू गोप, रोहित प्रधान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: BREAKING: बदले गए गढ़वा के डीसी,30 से ज्यादा IAS की हुई ट्रांसफर-पोस्टिंग
