Ranchi: रांची विश्वविद्यालय ने छात्रों और समाज से जुड़ने के लिए डिजिटल कम्युनिकेशन की दिशा में नया कदम उठाया है. विश्वविद्यालय ने “वॉयस ऑफ आरयू” नाम से पॉडकास्ट सीरीज शुरू की है, जिसके माध्यम से अब कैंपस की गतिविधियां, शैक्षणिक चर्चाएं और समसामयिक मुद्दों पर बातचीत लोगों तक सीधे पहुंचेगी. इस नई पहल का पहला एपिसोड स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन के स्टूडियो में रिकॉर्ड किया गया. उद्घाटन एपिसोड में कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग पर अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऊर्जा बचत केवल विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बनने जा रही है. विश्वविद्यालय स्तर पर भी ऐसे प्रयास किए जाएंगे, जिससे ऊर्जा की खपत कम हो और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके.

यह भी पढ़ें: इलाज ही नहीं, अब रिसर्च में भी रिम्स का डंका, आइसीएमआर ने दिया राष्ट्रीय सम्मान
सामाजिक जागरूकता के केंद्र के रूप में भी काम
पॉडकास्ट के दौरान कुलपति ने यह भी कहा कि आज के दौर में विश्वविद्यालयों को केवल शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के केंद्र के रूप में भी काम करना चाहिए. उन्होंने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की. इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की पीआरओ डॉ. स्मृति सिंह ने कुलपति से विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब किए. बातचीत को इस तरह तैयार किया गया कि छात्र और आम लोग आसानी से विषय को समझ सकें.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में छोड़े गए चीतल हिरणों की सुरक्षा पर उठे सवाल
“वॉयस ऑफ आरयू” का प्रसारण हर सप्ताह किया जाएगा
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार “वॉयस ऑफ आरयू” का प्रसारण हर सप्ताह किया जाएगा. इसमें शिक्षा, करियर, रिसर्च, नई तकनीक, छात्र गतिविधियों और समाज से जुड़े विषयों पर विशेष एपिसोड लाए जाएंगे. विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विशेषज्ञ और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग इसमें अपनी बात रखेंगे. रांची विश्वविद्यालय का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचा जा सकता है. इसी सोच के साथ पॉडकास्ट को विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है.
