Jamtara: केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिले में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों, मनरेगा योजनाओं, कल्याण छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों, आवासीय विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया.

ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की. साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनके सुझाव और शिकायतें भी सुनी गईं. निरीक्षण अभियान के तहत करमाटांड़ (विद्यासागर) प्रखंड की बरमुंडी पंचायत, जामताड़ा प्रखंड की बड़जोड़ा पंचायत, फतेहपुर प्रखंड की डुमरिया पंचायत तथा कुंडहित प्रखंड की खाजुरी पंचायत में विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.
पात्र लाभुकों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

उपायुक्त आलोक कुमार ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए. उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया. प्रशासन के अनुसार निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी के साथ-साथ जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
ALSO READ : कोडरमा: झारखंड विधानसभा की प्रत्यायुक्त विधान समिति की समीक्षा बैठक आज परिसदन भवन में सम्पन्न


