बोकारो: नावाडीह में जमीन विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, देखने वालों की उमड़ी भारी भीड़

Bokaro:बेरमो अनुमंडल अंतर्गत ​नावाडीह में जमीन विवाद और पारिवारिक हिस्सेदारी न मिलने से परेशान एक युवक नावाडीह चौक के समीप स्थित करीब...

Bokaro:बेरमो अनुमंडल अंतर्गत ​नावाडीह में जमीन विवाद और पारिवारिक हिस्सेदारी न मिलने से परेशान एक युवक नावाडीह चौक के समीप स्थित करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़े युवक की पहचान बस्तेजिया निवासी के रूप में हुई है. युवक के इस आत्मघाती कदम को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन, अंचल अधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा युवक को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा हुआ है और अधिकारियों की अपील के बावजूद नीचे उतरने को तैयार नहीं है.

व्यवस्था पर गंभीर सवाल 

​यह घटना एक बार फिर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है कि क्या अब मोबाइल टावर सिर्फ सिग्नल भेजने का माध्यम न रहकर, प्रशासन तक इंसाफ की गुहार लगाने का जरिया बनते जा रहे हैं. जब लोगों की जमीनी व पारिवारिक समस्याओं का समाधान समय पर नहीं होता, तो हताशा में कुछ लोग अपनी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए ऐसे खतरनाक कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं. गौरतलब है कि नावाडीह क्षेत्र से इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी इस इलाके में ऐसा ही एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था, जब धनबाद का एक शादीशुदा युवक, बोकारो के नावाडीह क्षेत्र की रहने वाली अपने भाई की साली से दूसरी शादी करने की जिद को लेकर डुमरी-नावाडीह मार्ग स्थित घुटवाली पुल के पास निमियाघाट में टावर पर चढ़ गया था. बहरहाल, प्रशासन फिलहाल युवक की जान सुरक्षित बचाने और उसे टावर से नीचे उतारने के हरसंभव प्रयास में जुटा हुआ है.

AlsoRead:CM आवास मार्च पर रोके गए झारखंड आंदोलनकारी, पेंशन और नौकरी की मांग को लेकर गरमाई राजधानी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *