Gomia: बोकारो गोमिया के सियारी पंचायत के बिरहोर टंडा गांव में बिरहोर परिवारों की समस्याओं से अवगत होने 29 अप्रैल को बोकारो जिला प्रशासन ने जनता दरबार लगाया. आयोजित कार्यक्रम में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, बेरमों एसडीओ मुकेश मछुवा, एसडीपीओ बशिष्ठ नारायण सिंह, गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम सहित जिला के कई विभागीय पदाधिकारी पहुंचे.
सभी समस्याओं का जल्द से जल्द होगा समाधान
इस दौरान उपायुक्त ने बारी-बारी से बिरहोर परिवारों की पानी, बिजली, शिक्षा, रोजगार एवं विकास संबंधी समस्याओं ध्यान से सुना. इस दौरान ग्रामीणों ने एक ज्ञापन सौंपा. सभी मागों को गंभीरता पूर्वक सुनने के बाद उपायुक्त ने कहा, कि स्थानीय प्रशासन, JSLPS और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा. चूंकि यह सुदूर व्रती क्षेत्र है और वर्षों तक पूरी तरह नक्सल प्रभावित रहा है, इसलिए जितना विकास होना चाहिए था उतना नहीं हो सका. लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी है, सिर्फ सियारी पंचायत ही नहीं जिला के सभी पंचायतों में अब विकास की हवा बहेगी.
सप्ताह में एक दिन थाना दिवस किया जाएगा आयोजित
वहीं एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा, कि जनता दरबार में लॉ ऑर्डर से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली, इससे जाहिर होता है की पूरी तरह शांत इलाका है. हां कुछ छोटी-छोटी स्थानीय समस्याएं हैं, जैसे महुआ चुनने को लेकर अलग-अलग गांव में विवाद होना और छोटे-मोटे जमीनी विवाद. ऐसे मामलों के लिए अंचलाधिकारी, वन विभाग और संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है, कि सप्ताह में एक दिन थाना दिवस आयोजित कर आमजन की समस्या सुने और समाधान करने का कार्य करें, ताकि किसी को कोई दिक्कत परेशानी न हो.
इस दौरान उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक द्वारा बिरहोर परिवारों के बीच अनाज से भरी बोरी का वितरण किया गया. स्कूली बच्चों को कॉपी किताब तो खिलाड़ियों को खेल सामग्री दी गई.
यह भी पढ़ें: पाकुड़: डीसी ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
