Bokaro: बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जरीडीह प्रखंड अंतर्गत खुटरी पंचायत के सुदूरवर्ती केंदुआडीह एवं कुसुलमुण्डु गांव का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने केंदुआडीह गांव में खटिया पर बैठकर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) संध्या हांसदा से अभियान की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने पूछा कि अब तक कितने मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण किया गया है तथा कितने प्रपत्र प्राप्त हुए हैं. साथ ही, प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति की भी समीक्षा की.
वॉलिंटियर्स को बीएलओ को सहयोग करने का निर्देश
डीईओ सह डीसी ने मौके पर उपस्थित वॉलिंटियर्स को गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन में बीएलओ को सहयोग करने का निर्देश देते हुए कहा, कि अभियान के दौरान एक भी पात्र मतदाता छूटने नहीं पाए, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. यही, कुसुलमुण्डु गांव के बीएलओ अनिता देवी से जानकारी ली.

सुनी ग्रामीणों की बातें, जाना जमीनी हकीकत
भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने औपचारिकता से दूर ग्रामीण परिवेश में खटिया पर बैठकर ग्रामीण मतदाताओं से आत्मीय संवाद किया. उन्होंने अभियान से जुड़े अनुभव सुने, ग्रामीणों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और सभी से एसआईआर अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: पत्थर लोड हाइवा अनियंत्रित होकर पलटा, चालक घायल


