Bokaro : जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गवाई पुल के बीचों-बीच गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक गैस टैंकर में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई . बताया जा रहा है कि 16 चक्का गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई . देखते ही देखते आग की लपटें काफी तेज हो गईं और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए . सुरक्षा को देखते हुए एनएच-32 पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे सड़क पर लंबी कतार लग गई. पुलिस ने एहतियातन गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही लोगों और वाहनों को रोक दिया है, ताकि कोई बड़ी दुर्घटना न हो. स्थानीय लोगों में सबसे ज्यादा डर इस बात को लेकर बना हुआ है कि यदि गैस टैंकर में ब्लास्ट हो जाता, तो गवाई पुल सहित आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद टैंकर से गैस लीक होकर काफी हद तक निकल गई, जिससे बड़े विस्फोट की आशंका कुछ कम हुई है. फिलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
Also Read : उत्पाद सिपाही परीक्षा धांधली केस में तीन आरोपी बिहार से गिरफ्तार

