Bokaro: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट से ऐश पॉन्ड तक जाने वाली पुरानी पाइपलाइन को बदलने के लिए करीब 80 लाख रुपये की लागत वाली नई पाइपलाइन परियोजना का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया. बाजारटांड़ स्थित क्यूटिज प्ले स्कूल के समीप डीवीसी अधिकारियों ने नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की.
जर्जर पाइपलाइन के कारण सामने आ रही थीं समस्याएं
शिलान्यास के बाद डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि प्लांट निर्माण के समय बिछाई गई पाइपलाइन को अब तक बदला नहीं गया था. लंबे समय से उपयोग में रहने के कारण पाइप जर्जर हो चुके हैं, जिससे हाल के दिनों में कई बार पाइप फटने की घटनाएं हुईं. इसी को देखते हुए नई पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया गया.
पहले चरण में 3.5 किलोमीटर पाइपलाइन बदलेगी
उन्होंने बताया कि पहले चरण में करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी पाइपलाइन को बदला जाएगा. इसके बाद शेष पाइपलाइन को भी चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा, ताकि भविष्य में किसी तरह की तकनीकी समस्या न हो.
भविष्य में डीवीसी की भूमि पर होगी पाइपलाइन शिफ्ट
एचओपी ने कहा कि भविष्य में वर्तमान मार्ग से गुजर रही पाइपलाइन को हटाकर पूरी तरह डीवीसी की अपनी भूमि पर स्थानांतरित करने की योजना भी तैयार की गई है.
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शिलान्यास
शिलान्यास कार्यक्रम में डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया, वरीय प्रबंधक (ओएंडएम) मधुकर श्रीवास्तव, जीएम एसके महापात्र, राजेश विश्वास, नरेश मुरस्कर, सोमेन मंडल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
ALSO READ: चक्रधरपुर: रथयात्रा के अवसर पर कराइकेला में महाभंडारा, भजन-कीर्तन से गूंजा मंदिर परिसर
