Bokaro: पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, रांची तथा जिला प्रशासन, बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को चंदनकियारी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मादक पदार्थों के दुरुपयोग को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया. अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है. अभियान के दौरान उपस्थित प्रशिक्षकों, खेल मित्रों एवं खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने की शपथ ली. सभी प्रतिभागियों ने मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया.
3 किलोमीटर जागरूकता रैली निकाल कर दिया गया संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 3 किलोमीटर की जागरूकता रैली निकाली गई. रैली में शामिल खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशे से दूर रहने की अपील की.
नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल
अभियान के तहत बताया गया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है. यह केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज के लिए भी नुकसान दायक है. ऐसे में जागरूकता अभियान लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है. कार्यक्रम में प्रशिक्षक मोहन साहू, महेंद्र करमाली, हेमंत कुमार, आशु भाटिया, चौहान महतो, खेल मित्र तथा चंदनकियारी खेल केंद्रों के खिलाड़ी एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित थे.
यह भी पढें: आदिवासी युवती से मारपीट मामले में थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच शुरू



