Ranchi : बोकारो पुलिस ने रांची के ओरमांझी से सब – इंस्पेक्टर संतोष यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. यह पूरा मामला गोमिया थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. जहां सब इंस्पेक्टर संतोष यादव पर ही अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगा है.
क्या है पूरा मामला
घटना की शुरुआत बीते 26 जून को हुई. जब गोमिया थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर संतोष यादव की पत्नी पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पिंकी कुमारी ने कथित रूप से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया.

परिजनों का आरोप और गोमिया चौक पर चक्का जाम
घटना के अगले ही दिन यानी 27 जून को मृतका पिंकी कुमारी के मायके वाले और स्थानीय शुभचिंतक सड़कों पर उतर आए. गुस्साए लोगों ने गोमिया चौक को घंटों तक जाम रखा. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि संतोष यादव और उसके परिवार वाले पिंकी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और उसे भारी मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था. परिजनों ने आरोपी सब इंस्पेक्टर की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की थी. जिसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन पर जाम हटाया गया था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बोकारो के एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था. गोमिया थाना में मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी सब इंस्पेक्टर संतोष यादव फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था. पुलिस की तकनीकी सेल और मिले इनपुट के आधार पर बोकारो पुलिस ने रांची के ओरमांझी इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया.
ALSO READ : कई बार आवेदन के बाद भी बुजुर्ग दंपत्ति को नहीं मिला पेंशन, CM ने बोकारो DC को संज्ञान लेने का दिए आदेश


