Bokaro: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित DVC आवासीय कॉलोनी में बने थाना भवन और पुलिस बैरक की जर्जर स्थिति लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है. थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव ने भवन की मरम्मत और रंग-रोगन कराने के लिए कई बार DVC के GM (HR) और HOP को लिखित अनुरोध भेजा, लेकिन अब तक सिविल विभाग की ओर से कोई काम शुरू नहीं किया गया.
शिलान्यास कार्यक्रम में उठा मरम्मत का मुद्दा
शुक्रवार को नई पाइपलाइन बिछाने के कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जब DVC के HOP सुशील कुमार अरजरिया से थाना भवन और बैरक की मरम्मत को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मौके पर मौजूद सिविल विभाग के वरीय प्रबंधक सरफराज शेख से इस संबंध में जानकारी मांगी.
सिविल विभाग ने बताई मरम्मत नहीं होने की वजह
वरीय प्रबंधक सरफराज शेख ने HOP को बताया कि थाना भवन कहीं से भी जर्जर नहीं है. वहीं, पुलिस बैरक के संबंध में उन्होंने कहा कि वह भवन DVC द्वारा निर्मित नहीं है, इसलिए उसकी मरम्मत कराना संभव नहीं है.
बजट का हवाला देकर जताई असमर्थता
HOP द्वारा दोबारा मरम्मत कराने की बात कहने पर वरीय प्रबंधक ने कहा कि इस कार्य में काफी राशि खर्च होगी, जिसे वर्तमान परिस्थितियों में वहन करना संभव नहीं है. इस जवाब के बाद भी मरम्मत को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया.
ALSO READ: झारखंड सरकार ने लॉन्च किया ‘विधि पोर्टल 2.0’, अब सरकारी मुकदमों की होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग
HOP के निर्देश पर भी उठे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि HOP के निर्देश के बावजूद सिविल विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया. इससे विभागीय समन्वय और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाना भवन और बैरक की मरम्मत शीघ्र नहीं कराई गई, तो इससे पुलिसकर्मियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
