Saraikela: उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की. बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है लेकिन किसी कारणवश उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, एवं 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विद्यालय, महाविद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थानों में ऐसे सभी पात्र छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करें, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है तथा जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. साथ ही, 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को भी चिह्नित करते हुए उन्हें मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करें. उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों को Form-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करने का निर्देश दिया.
विद्यार्थियों की सूची तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र युवा के लोकतांत्रिक अधिकार एवं जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है. ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता के महत्व से अवगत कराया जाए. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि विद्यालय, महाविद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं. साथ ही, मतदाता सूची में छूटे हुए सभी पात्र विद्यार्थियों का नाम जोड़ने की दिशा में सकारात्मक एवं समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जानकारी देना तथा उन्हें मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करना शैक्षणिक संस्थानों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. बैठक मे जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
