Giridih: गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड के बुधुडीह एवं जोरासिमर के बीच स्थित क्षतिग्रस्त अस्थायी पुलिया के स्थायी निर्माण की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर बुधवार को कार्यपालक अभियंता, विशेष प्रमंडल संतोष मरांडी एवं सहायक अभियंता नंदन कुमार ने पुलिया का स्थल निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिया की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं और आवागमन पर पड़ रहे प्रभाव का विस्तृत आकलन किया. साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई.
वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीणों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही स्थायी पुलिया निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाकर समयबद्ध तरीके से कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
निर्माण प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करेगा जिला प्रशासन
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पुलिया निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द स्थायी समाधान मिल सके.
ALSO READ: श्रावणी मेले के लिए रेलवे की सौगात, इतवारी–मधुपुर के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
