Click Here
Click Here
Click Here

हजारीबाग से मेरू कैंप में कार्यरत BSF जवान रहस्यमय ढंग से लापता, कोर्रा क्षेत्र से मिली स्कूटी

Hazaribagh: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेरू कैंप BSF में कार्यरत 32 वर्षीय जवान अनंत चक्रवर्ती (पिता गौरसुंदर चक्रवर्ती) विगत 12 जून...

Hazaribagh: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेरू कैंप BSF में कार्यरत 32 वर्षीय जवान अनंत चक्रवर्ती (पिता गौरसुंदर चक्रवर्ती) विगत 12 जून से रहस्यमय तरीके से लापता है. जवान के अचानक गायब होने से उनका परिवार गहरे सदमे में है और उनकी पत्नी काजल चक्रवर्ती व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सूतीबन थाना क्षेत्र के मूल निवासी यह परिवार वर्तमान में हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णानगर में पिछले दो महीनों से रह रहा था. घटना के संबंध में BSF मेरू कैंप के प्रबंधन की ओर से सूबेदार मेजर ने थाने में मामला दर्ज कराया है, वहीं जवान के परिजन स्थानीय पुलिस पर लापरवाही और तत्परता न दिखाने का गंभीर आरोप लगा रहे है.

अंतिम बार रात को हुई थी बात, फिर बंद आया मोबाइल

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लापता जवान अनंत चक्रवर्ती मेरू BSF कैंप में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं. गत 12 जून को दोपहर 2:30 बजे से रात 8:00 बजे की शिफ्ट में अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद वे कैंप से बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं पहुंचे. गायब होने वाली रात करीब 8:43 से 8:45 बजे के बीच आखिरी बार जवान की अपनी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी. इसके बाद रात्रि 9:00 बजे के बाद से ही उनका मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ आ रहा है. खोजबीन के दौरान तकनीकी लोकेशन के आधार पर जवान का आखिरी मोबाइल लोकेशन रोला के समीप मिला था, जहाँ फोन अचानक बंद हो गया.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

लावारिस हालत में मिली स्कूटी, पुलिस समन्वय पर उठे सवाल

जवान की तलाश में भटक रहे परिजनों को उस समय बड़ा झटका लगा जब उन्हें खुद के प्रयासों से पता चला कि जवान की स्कूटी कोर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगवां टोल प्लाजा के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली थी, जिसे कोर्रा थाना पुलिस ने अपने कब्जे में ले रखा था. लापता जवान के ससुर परेश चंद्र सरकार ने नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि मुफ्फसिल थाना पुलिस को अपने ही जिले के दूसरे थाने में स्कूटी बरामद होने की भनक तक नहीं थी. जब परिजनों ने खुद टोटो से घूमकर जानकारी जुटाई और मुफ्फसिल थाने को इसकी सूचना दी, तब जाकर पुलिस हरकत में आई. परिजनों का कहना है कि प्रशासन की ओर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिल रहा है और पड़ोसी जिलों जैसे कोडरमा या देवघर की पुलिस को सूचना भेजने में भी ढिलाई बरती जा रही है, जिससे जांच का समय बर्बाद हो रहा है.

SP से त्वरित कार्रवाई की मांग

पीड़ित पत्नी काजल चक्रवर्ती ने रोते हुए बताया कि उनका एक छोटा बच्चा है और पति के अचानक गायब होने से उनका सब कुछ बिखर गया है. उन्होंने हजारीबाग पुलिस अधीक्षक से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके पति देश के जवान हैं, इसलिए मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कड़े कदम उठाए जाएं और सभी पड़ोसी जिलों की पुलिस को अलर्ट मोड पर डाला जाए. इधर, पुलिस के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि वे मामले की जांच सभी संभावित बिंदुओं पर कर रहे हैं, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर पारिवारिक विवाद की आशंका भी शामिल है. हालांकि, जवान का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाने से क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और सहकर्मियों में भी चिंता की लहर है.

ALSO READ: लालू के ‘हनुमान’ संभालेंगे मोर्चा, राज्यसभा चुनाव के लिए राजद ने भोला यादव को बनाया पोलिंग एजेंट

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *