Koderma: रांची-पटना मुख्यमार्ग स्थित कोडरमा घाटी में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया. गंगासागर से कांवरियों को लेकर राजगीर जा रही एक बस जमसोती नाला के पास घाटी के तीखे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई. बस सड़क से नीचे उतरकर पहाड़ के सहारे अटक गई. हादसे में 5 कांवरिया घायल हो गए. घाटी के मोड़ पर बस की रफ्तार धीमी होने के कारण दुर्घटना और भयावह होने से बच गई.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही घाटी में तैनात पुलिस पेट्रोलिंग टीम पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई है. हादसे के कारण रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा. पुलिस ने सड़क से बस हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
घायलों की पहचान
प्रमिला देवी 40, शंकर महतो 45, गायत्री देवी 40, देवनाथ ठाकुर और अखिलेश कुमार 38 के रूप में हुई है. सभी बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं.
ALSO READ: कोडरमा: अपहरण कर हत्या और साक्ष्य छिपाने के मामले में दूसरा आरोपी दोषी करार
