Ranchi: भारत की आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में झारखंड के सिमडेगा जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सिमडेगा जिला प्रशासन ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय से पहले 100% पूरा कर लिया है. इस शानदार सफलता पर जनगणना कार्य निदेशालय (झारखंड) के निदेशक आईएएस प्रभात कुमार ने सिमडेगा की डीसी कंचन सिंह को अर्धशासकीय पत्र भेजकर विशेष बधाई और सराहना दी है.
CMMS पोर्टल पर सिमडेगा की प्रगति 100 प्रतिशत
जनगणना निदेशक प्रभात कुमार द्वारा जारी पत्र के मुताबिक झारखंड राज्य में जनगणना के प्रथम चरण का क्षेत्र कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 के मध्य निर्धारित किया गया था. लेकिन 9 जून 2026 को CMMS पोर्टल पर प्रदर्शित हो रही प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, सिमडेगा जिले में HLO कार्य की प्रगति 100 प्रतिशत प्रदर्शित हो रही है. डीसी के कुशल मार्गदर्शन, उत्कृष्ट नियोजन और निरंतर निगरानी की वजह से ही सिमडेगा, संपूर्ण झारखंड में मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने वाले पहले जिलों में शामिल हो गया है.

ALSO READ: जामताड़ा: नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर, शिक्षकों से बच्चों को सही दिशा देने की अपील
अधिकारियों और प्रगणकों को मिलेगा प्रशंसा पत्र
निदेशक ने पत्र में सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह के साथ-साथ जिले के सभी चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों और पूरी टीम की तत्परता एवं समयबद्धता की सराहना की है. उन्होंने डीसी से अनुरोध किया है कि इस कार्य में पूर्ण समर्पण के साथ अपना योगदान देने के लिए अपने जिले से दो चार्ज पदाधिकारियों के नाम अनुशंसित करने की कृपा की जाए, जिन्हें इस कार्य के लिए कार्यालय स्तर से प्रशंसा प्रशस्ति पत्र निर्गत किया जाएगा. पत्र के अंत में जनगणना निदेशक ने उम्मीद जताई है कि भारत की जनगणना 2027 से संबंधित शेष कार्यों में भी सिमडेगा जिला प्रशासन का इसी प्रकार का सहयोग प्राप्त होता रहेगा. उन्होंने भविष्य के सभी प्रशासनिक प्रयासों के लिए पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं.
