Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नशा मुक्त झारखंड अभियान के अंतर्गत आज जिला समाज कल्याण शाखा द्वारा जिला समाहरणालय परिसर से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. अभियान के तहत नशा मुक्ति शपथ ग्रहण, सेविकाओं की स्कूटी रैली, पैदल जागरूकता रैली, दो नशा मुक्त झारखंड जागरूकता रथों का संचालन तथा हस्ताक्षर अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया.
नशा मुक्त झारखंड के संकल्प को साकार करने के लिए दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी की मौजूदगी में उपस्थित सभी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं पदाधिकारियों को नशा मुक्त झारखंड के संकल्प को साकार करने हेतु शपथ दिलाई गई. उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी एवं जन-जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़कर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में योगदान देना चाहिए. इसके उपरांत उपायुक्त मनीष कुमार व सभी पदाधिकारियों द्वारा गुब्बारा उड़ाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता संदेश को गांव-गांव एवं जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेविकाओं की स्कूटी रैली, पैदल रैली तथा दो नशा मुक्त झारखंड जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में किया जाएगा जागरूक
इस अवसर पर बताया गया कि रैली एवं जागरूकता रथों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले इसके प्रतिकूल प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा. अभियान का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है. उक्त कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर अभियान बोर्ड पर हस्ताक्षर कर नशा मुक्त झारखंड के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. इस अवसर पर लगभग 150 सेविकाएं, महिला पर्यवेक्षिकाएं, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. अभियान के माध्यम से जिले में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल डीवीसी हॉस्पिटल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का टोटा, लेकिन रंगाई-पुताई पर खर्च होंगे एक करोड़



