Chaibasa: बंदगांव प्रखंड सभागार में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी भीष्म कुमार तथा मोरोंमगुटू पंचायत की मुखिया गुड्डू देवी ने दीप जलाकर किया. कार्यक्रम में प्रदान, लीड्स वन विभाग, जेएसपीएल के प्रतिनिधियों, आम बागवानी योजना से जुड़े किसानों तथा दीदी समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस अवसर पर आम बागवानी को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि तथा उन्नत बागवानी तकनीकों के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई. मेले में विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें किसानों एवं दीदी समूहों द्वारा उत्पादित आमों का प्रदर्शन किया गया. उपस्थित किसानों को आम उत्पादन, संरक्षण, विपणन तथा मूल्य संवर्धन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई.
आधुनिक तकनीक से आम की बागवानी पर जोर
मुख्य अतिथि बीडीओ भीष्म कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आम बागवानी किसानों की आय बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है. उन्होंने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक पद्धति से बागवानी अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें. कार्यक्रम के दौरान जेएसपीएल द्वारा टीबी (क्षय रोग) से प्रभावित मरीजों के बीच पोषण आहार का वितरण भी किया गया. इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार लाना तथा उनके स्वास्थ्य संवर्धन में सहयोग प्रदान करना है.
यह भी पढें: एनजीटी की रोक के दौरान नदी घाटों से बालू उठाव पर पूरी तरह प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई: SDM
आम की बागवानी से किसानों को हो रहा फायदा
इस अवसर पर सांख्यिकी पर्यवेक्षक सदानंद होता ने कहा कि पहले झारखंड राज्य के बाहर से आम और लीची आते थे, लेकिन अब मनरेगा योजना के अंतर्गत गांवों में आम, लीची एवं अन्य फलदार पौधों के रोपण से ग्रामीणों को अच्छा लाभ प्राप्त हो रहा है तथा उनकी आर्थिक स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है. कार्यक्रम का संचालन प्रभारी कृषि पदाधिकारी विजय सिंह जोंको ने किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुखिया गुड्डू देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी भीष्म कुमार, जेएसपीएल के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक धनेश्वर उरांव, एंथोनी पूर्ति (एफसी), अंजू कुमारी (आईटीआरपी), अंजू कुमारी (आईपीआरपी), PRADAN के दिलीप कुमार, लीड्स के राजू महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया. अंत में सभी प्रतिभागियों ने आम बागवानी के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने तथा किसानों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.



