Chaibasa: जिला बाल संरक्षण इकाई, चाईबासा द्वारा बंदगांव प्रखंड के लण्डुपदा पंचायत क्षेत्र के आठ अनाथ बच्चों को चिन्हित कर राज्य सरकार की स्पॉन्सरशिप योजना में पंजीकृत किया गया है. इसकी जानकारी देते हुए पंचायत के मुखिया कुश पुर्ति ने बताया, कि यह योजना उन बच्चों के लिए संचालित की जा रही है, जिनके एक या दोनों माता-पिता का निधन हो चुका है तथा जिन्हें शिक्षा, पोषण एवं पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है.
पात्र अनाथ बच्चों को प्रतिमाह दी जाएगी 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता
मुखिया कुश पुर्ति ने बताया, कि योजना के तहत 18 वर्ष तक की आयु के पात्र अनाथ बच्चों को प्रतिमाह 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. इस सहायता राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिला बाल संरक्षण इकाई, चाईबासा का उद्देश्य बेसहारा एवं अनाथ बच्चों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर जीवनयापन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करना है.
योजना से वंचित बच्चों के अभिभावक पंचायत कार्यालय से कर सकते हैं संपर्क
मुखिया ने पंचायत क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा, कि यदि लण्डुपदा पंचायत में ऐसे अन्य अनाथ या जरूरतमंद बच्चे हैं जिन्हें अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, तो उनके अभिभावक अथवा परिजन आवश्यक दस्तावेजों के साथ लण्डुपदा पंचायत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, ताकि उन्हें भी योजना से जोड़ा जा सके.



