Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. अस्पताल के अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर में चिकित्सकों की टीम ने एक महिला मरीज की जटिल स्त्री रोग संबंधी सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की है. ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.
पेट और अंडाशय की गंभीर समस्या का किया गया ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, महिला मरीज के पेट में गंभीर समस्या थी और बाएं अंडाशय में जटिल रोग की आशंका के कारण सर्जरी आवश्यक हो गई थी. विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी जरूरी जांचों के बाद ऑपरेशन किया. इस दौरान पेट में चीरा लगाकर प्रभावित बाएं अंडाशय को सुरक्षित तरीके से निकाल दिया गया.
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व सर्जन डॉ. प्रदीप्तो मांझी और डॉ. प्रिंस पिंगुआ ने किया. वहीं निश्चेतना (एनेस्थीसिया) की जिम्मेदारी डॉ. गीता रानी टुडू और डॉ. अमित तिर्की ने निभाई.ऑपरेशन को सफल बनाने में शल्य कक्ष के नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी सहायकों और पूरी ऑपरेशन थिएटर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
स्थानीय स्तर पर मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण अब सदर अस्पताल में जटिल और उच्च स्तरीय सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं.इससे पश्चिमी सिंहभूम जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर इलाज अपने जिले में ही उपलब्ध हो रहा है. इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत भी कम हो रही है.
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
सिविल सर्जन और अस्पताल प्रबंधन ने सफल सर्जरी के लिए पूरी सर्जिकल, एनेस्थीसिया और ऑपरेशन थिएटर टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से लोगों को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है.
