Chaibasa: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में बंदगांव प्रखंड अंतर्गत नकटी पंचायत के इंद्रुवा गांव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. डीएलएसए के अधिकार मित्रों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविका एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए. उपस्थित लोगों ने कहा कि पौधारोपण से पर्यावरण का संतुलन बना रहता है. लोगों को शुद्ध व स्वच्छ हवा मिलती है. साथ ही भविष्य में मौसमी फलों का भी स्वाद मिलता है. ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा करने की अपील की गई. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पेड़-पौधों की अंधाधुंध कटाई नहीं करने और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का संदेश दिया गया. साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम लोगों को उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें.

यह भी पढ़ें: साइबर अपराधियों ने बिना बताये बुजुर्ग के खाते से उड़ाये 3.88 लाख
पेड़-पौधे जीवन का आधार
नकटी पंचायत के मुखिया मिथुन गागराई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया. वहीं अधिकार मित्र राजेश कुमार नायक ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है. जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोग डीएलएसए के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपने कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की. कार्यक्रम को सफल बनाने में बंदगांव प्रखंड के अधिकार मित्र गंगाराम गागराई, राजेश कुमार नायक एवं जीदन मुंडू की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, आंगनबाड़ी सेविका मीनू पूर्ति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: हम पहले से ही कह रहे हैं कि गठबंधन है मजबूत: के. राजू
