Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से संचालित प्रोजेक्ट प्राण के तहत पंचायत दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल की मौजूदगी में टोंटो प्रखंड अंतर्गत बामेबासा एवं नीमडीह पंचायत का भ्रमण कर पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों से अवगत हुए.
उपायुक्त ने किया भस्मक का शुभारंभ
भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने बामेबासा पंचायत सचिवालय परिसर में स्थापित भस्मक का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण हैं तथा इनके प्रभावी उपयोग से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सहायता मिलेगी. इसके उपरांत उपायुक्त ने बामेबासा पंचायत क्षेत्र भ्रमण के दौरान लाभुक सुनील बारी द्वारा संचालित आम बागवानी परियोजना तथा मोहन बारी द्वारा किए जा रहे काजू उत्पादन कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने लाभुकों से परियोजनाओं की प्रगति, उत्पादन क्षमता एवं प्राप्त लाभ की जानकारी ली तथा कृषि एवं उद्यानिकी आधारित आजीविका गतिविधियों को ग्रामीणों की आय वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अन्य किसानों को भी ऐसे कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.
उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी किया अवलोकन
उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग प्रदान करने हेतु पंचायत सचिवालय में ज्ञान केंद्र की अधिष्ठापन पर बल दिया. उन्होंने कहा कि पंचायत भवन केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र न होकर शिक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक विकास का भी केंद्र बनना चाहिए. निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी गई, कि 15वें वित्त आयोग मद से पंचायत सचिवालय, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में हैंड वॉश यूनिट, फेबर ब्लॉक एवं भस्मक जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. उपायुक्त ने इन संसाधनों के समुचित उपयोग एवं नियमित रख-रखाव का निर्देश दिया. उन्होंने पंचायत भवनों में गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बुजुर्ग महिलाओं के लिए “मंईयां कक्ष”, बच्चों के मनोरंजन एवं गतिविधियों हेतु “ऊर्जा कक्ष” की स्थापना तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों को जनसुविधाओं से युक्त मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें.
समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण अत्यंत आवश्यक
बामेबासा एवं नीमडीह पंचायत सचिवालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, कि परिवार एवं समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, नियमित अध्ययन हेतु प्रेरित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की अपील की. साथ ही उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा, कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ एवं विकसित समाज की आधारशिला है. इस दौरान दोनों स्थानों पर जिले को नशा मुक्त बनाने की शपथ भी ली गई. इस क्रम में उपायुक्त द्वारा प्रोजेक्ट जागृति के तहत संचालित रक्तदान शिविर में सभी की सहभागिता के बारे में भी अवगत कराया गया.
कृषि उत्पादन बढ़ाने का आह्वान
उपायुक्त ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया, कि वर्तमान में लैम्पस के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान पर धान बीज का वितरण किया जा रहा है. उन्होंने किसानों से इसका लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य पंचायत भवनों को ग्रामीण विकास का सशक्त केंद्र बनाते हुए सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने संबंधित मुखिया को स्पॉन्सरशिप योजनाओं के प्रपत्र उपलब्ध कराने एवं अधिक से अधिक पात्र बच्चों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इसके तहत वैसे बच्चे को प्रतिमा ₹4000 मासिक लाभ प्रदान किया जाता है, जो एकल अभिभावक या जोखिम क्षेत्र में रहते हैं. इसके अतिरिक्त उन्होंने आम नागरिकों को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं त्रुटियों के निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया तथा सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की.
पंचायत दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान टोंटो प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड प्रमुख, स्थानीय मुखिया, पंचायत सचिव सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: रांची: टेंपो चालक पर अज्ञात युवकों ने चाकू से किया हमला, मोबाइल-नकदी व चेन लूट हुए फरार


