Chaibasa : NH-75(E) पर अतिक्रमण हटाओ अभियान से बार-बार प्रभावित होने वाले फुटपाथ दुकानदारों के लिए राहत की पहल तेज हो गई है. नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय कुमार साव के प्रयासों के बाद शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थायी दुकानों के निर्माण के लिए संभावित स्थल का सर्वेक्षण और मापी कार्य शुरू किया गया.
NH को भेजी जाएगी रिपोर्ट
मापी का कार्य प्रखंड कार्यालय परिसर से प्रारंभ हुआ, जहां नगर परिषद की टीम ने मुख्य सड़क, नाली और उसके बाद उपलब्ध भूमि की चौड़ाई और स्थिति का आकलन किया. सर्वेक्षण के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) विभाग को भेजा जाएगा. विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद स्थायी दुकानों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
NH से मंजूरी मिली तो फुटपाथ दुकानदारों को मिलेगा स्थायी ठिकाना
नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने पहले ही NH विभाग के कार्यपालक अभियंता और BDO से मुलाकात कर फुटपाथ दुकानदारों के लिए व्यवस्थित और स्थायी दुकानों का प्रस्ताव रखा था. वर्षों से सड़क किनारे छोटे व्यवसाय कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से लगातार प्रभावित होते रहे हैं. नगर परिषद का कहना है कि यदि NH विभाग से स्वीकृति मिल जाती है तो उपलब्ध भूमि पर योजनाबद्ध तरीके से स्थायी दुकानें बनाई जाएंगी, जिससे फुटपाथ दुकानदारों को सुरक्षित और स्थायी आजीविका का अवसर मिल सकेगा.
Also Read : प्रह्लाद जोशी संभालेंगें शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी, राष्ट्रपति ने जारी किया आदेश
