Chaibasa: मनोहरपुर के सर्प मित्र कुशल मुखी को गुरुवार को JMM नेता सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव ने स्नेक कैचर उपकरण प्रदान किया. इस दौरान उन्होंने कुशल मुखी के साहस, समाजसेवा और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. कुशल मुखी लंबे समय से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में घरों व आबादी वाले इलाकों में घुसे सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ने का कार्य कर रहे हैं.
सर्पदंश की घटना के बाद मिला उपकरण
हाल ही में नंदपुर गांव में एक विषैले नाग का रेस्क्यू करने के दौरान कुशल मुखी को सांप ने काट लिया था. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया था, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई. इसी घटना को देखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए उन्हें स्नेक कैचर उपकरण उपलब्ध कराया गया है, ताकि भविष्य में वे अधिक सुरक्षित तरीके से सर्प रेस्क्यू कर सकें.

बरसात में सतर्क रहने की अपील
बरसात के मौसम में मनोहरपुर और आनंदपुर क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूकर्ता से संपर्क करें और सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं.
ALSO READ: DC ने जिला मत्स्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक किया आयोजित


