Vinit Abha upadhyay
Ranchi : ED ने राज्य के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के सीनियर विधायक रामेश्वर उरांव और उनके बेटे को दोबारा समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. दोनों व्यक्तियों को यह ED का दूसरा बुलावा है. इससे पहले एजेंसी ने रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन जारी कर सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन दोनों किसी कारणवश एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हो पाए थे और एजेंसी की कार्यवाही में शामिल होने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा था. इस बीच एजेंसी ने दोनों को 6 जुलाई यानी सोमवार को जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है. उम्मीद की जा रही है कि इस पूछताछ में कई अहम और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं. पुख्ता जानकारी के मुताबिक 6 जुलाई को रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव एजेंसी के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे.

शराब के टेंडर को लेकर हुआ था लेन – देन
दरअसल, ED को इस बात के पुख्ता और ठोस सबूत मिले हैं कि रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव और झारखंड के चर्चित पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश के बीच शराब के टेंडर को लेकर बड़े पैमाने पर रुपयों का लेन-देन हुआ था. पैसों का यह लेन-देन कुछ वर्ष पहले किया गया था. जिसका एक बड़ा हिस्सा बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर हुआ था. ED को इन तमाम संदिग्ध लेन-देन की जानकारी तब मिली थी जब एजेंसी ने शराब घोटाले से जुड़े मामले में रोहित उरांव के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की थी. सर्च ऑपरेशन के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगालने के बाद इस पूरी कड़़ी का खुलासा हुआ है.
ALSO READ : भारत में जापान निवेश करेगा एक लाख करोड़ रूपये, अलग अलग सेक्टरों में साझेदारी की बनी सहमति


