Chaibasa : बंदगांव प्रखंड के लान्डुपदा मध्य विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली. रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर गांव का भ्रमण किया और लोगों को नशा से दूर रहने का संदेश दिया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत के मुखिया कुश पूर्ति उपस्थित हुए. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. आज युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है. शिक्षा, खेल और सकारात्मक सोच ही युवाओं को सही दिशा दे सकती है. छात्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है. उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने और बच्चों का नशा से दूर रखने की अपील की.
शिक्षकों ने भी की अपील
विद्यालय के शिक्षकों ने भी नशा के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इससे दूर रहने का संकल्प दिलाया. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है.
ALSO READ : झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: पीड़ितों के मुआवजे के लिए 6.71 करोड़ की राशि आवंटित, नौ जिलों को मिली मंजूरी



