Bihar: 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान ‘गजराज’ से पटना लाया गया. पटना एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचने के बाद प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच कलेक्शन सेंटर तक पहुंचाया गया.
गया और दरभंगा भी भेजे गए प्रश्नपत्र
पटना के अलावा गया और दरभंगा के लिए भी प्रश्नपत्र भेजे गए हैं. संबंधित जिलों में इन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अधिकारियों को सौंप दिया गया है. 21 जून को बिहार के विभिन्न जिलों में नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी. गौरतलब है कि इससे पहले 3 जून को आयोजित परीक्षा पेपर लीक की आशंका के बाद रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया.
अभ्यर्थियों को बस यात्रा की मुफ्त सुविधा
नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है. निगम ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए मान्य होगी.
Read Also: बंद खदान में नहाने गया युवक लापता, डूबने की आशंका; प्रशासन ने शुरू किया तलाश अभियान
एडमिट कार्ड दिखाना होगा अनिवार्य
सरकारी बसों के साथ-साथ निगम के अधीन संचालित निजी मोड की बसों में भी अभ्यर्थी मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें बस कंडक्टर को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा. निगम ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की एक फोटोकॉपी साथ रखने की भी सलाह दी है, जिसे आवश्यक होने पर जमा किया जा सके.
जीरो टिकट होगा जारी
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपना नाम, पता, परीक्षा केंद्र और मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी. इसके बाद उन्हें ‘जीरो टिकट’ जारी किया जाएगा. परीक्षा केंद्र तक जाने और वापस लौटने दोनों यात्राओं के लिए उनसे कोई किराया नहीं लिया जाएगा.



