Chaibasa: उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार द्वारा आज चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिल्फोड़ी एवं जामिद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान सिल्फोड़ी की मुखिया मेलानी बोदरा, जामिद की मुखिया कुंती सरदार, जिला एवं प्रखंड स्तर के मनरेगा तथा आवास योजना से संबंधित पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
सिल्फोड़ी पंचायत भवन में चल रहे कार्य का उप विकास आयुक्त ने किया अवलोकन
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सिल्फोड़ी पंचायत भवन में चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों द्वारा बताया गया कि पंचायत के लिए पानी के टैंकर की खरीद की जा चुकी है तथा भस्मक, ज्ञान केंद्र सहित अन्य कार्य प्रगति पर हैं. पंचायत भवन के समक्ष पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण योजना को भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिसका निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा.

उप विकास आयुक्त ने मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना, मिट्टी-मुरूम सड़क निर्माण कार्य, निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने लाभुकों को आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया. इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का भी भौतिक सत्यापन किया गया तथा संबंधित कनीय अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
आम बागवानी का उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लाभुक रमेश कोड़ाह की आम बागवानी का निरीक्षण करते हुए उप विकास आयुक्त ने इसे मॉडल आम बागवानी के रूप में विकसित करने पर बल दिया. उन्होंने प्रखंड स्तरीय मनरेगा कर्मियों को निर्देश दिया कि अन्य लाभुकों को एक्सपोजर विजिट के माध्यम से यहां लाकर प्रेरित किया जाए. साथ ही सभी मनरेगा कर्मियों को अधिक से अधिक मानव-दिवस सृजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
जामिद पंचायत भवन में चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य का किया गया निरीक्षण
इसके पश्चात जामिद पंचायत भवन में चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान ज्ञान केंद्र में उपलब्ध पुस्तकों का अवलोकन किया गया तथा पंचायत भवन में भस्मक का अधिष्ठापन पाया गया. उप विकास आयुक्त ने उपस्थित प्रखंड स्तरीय कर्मियों को सभी पंचायतों में भस्मक की स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त जामिद पंचायत में निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना एवं बिरसा हरित ग्राम योजना के कार्यों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु सतत प्रयासरत रहने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: मंझगांव विधायक व उपायुक्त ने प्रखंड क्षेत्र का किया भ्रमण, योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा


