Chakradharpur: अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के मार्गदर्शन में चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेट्री (एमएफटीएल) के माध्यम से विशेष जांच अभियान चलाया गया.अभियान के दौरान इतवारी बाजार, कुसुम कुंज, पवन चौक, राजबाड़ी रोड और बांटा रोड स्थित मिठाई दुकानों, नाश्ता दुकानों तथा ठेला-खोमचा संचालकों के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई. इस क्रम में कुल 31 खाद्य प्रतिष्ठानों से 85 खाद्य नमूनों का परीक्षण किया गया.
विभिन्न खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांची गई
जांच के दौरान लड्डू, जलेबी, हल्दी, मिर्च पाउडर, चटनी, आलू मसाला, गुपचुप मसाला, छोला, दही समेत विभिन्न खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांची गई. जांच में वृंदावन स्वीट्स एवं गोलूजी स्नैक्स के 10 किलोग्राम लड्डू तथा श्री राम कृष्ण स्वीट्स एंड स्नैक्स की 1 किलोग्राम जलेबी खाद्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया. इसके अलावा पांच ठेला-खोमचा संचालकों के यहां चटनी, छोला, आलू मसाला और कटलेट भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए. संबंधित खाद्य सामग्री को भी तत्काल नष्ट कराया गया.

स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य विक्रेताओं, विशेषकर गुपचुप ठेला संचालकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने का निर्देश दिया गया. खाद्य पदार्थों में केवल अनुमन्य खाद्य रंगों के प्रयोग, खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन तथा स्वच्छता बनाए रखने को लेकर विक्रेताओं को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए गए. जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम, दीपक कुमार सिंह एवं अनुपा प्रीति बाड़ा के साथ मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जूनियर एनालिस्ट चंदन खरवार और शुभम कुमार उपस्थित रहे.
ALSO READ : कोडरमा: फीस विवाद पर आईलेक्स पब्लिक स्कूल में हंगामा, जांच में मिली कई अनियमितताएं


