Chaibasa: चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित बोडदा पुल के पास बुधवार शाम एक युवक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार रेलवे क्षेत्र बारहखोली निवासी महेश झाईरा किसी निजी कार्य से बोडदा पुल की ओर गया था. इसी दौरान वहां पहले से मौजूद 5 से 6 नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी.
मारपीट में महेश झाईरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक से पूरे मामले की जानकारी ली और मारपीट के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक पूछताछ में हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है, क्योंकि सभी युवक नकाब पहने हुए थे.
गुरुवार की सुबह पुलिस ने घायल महेश झाईरा का लिखित बयान दर्ज किया. इसके आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ALSO READ: झारखंड हाईकोर्ट ने 10 अधिवक्ताओं को दिया सीनियर एडवोकेट का दर्जा, अधिसूचना जारी



