Chaibasa: चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में चक्रधरपुर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. रेलवे अस्पताल, चक्रधरपुर में जल्द ही ब्लड बैंक की सुविधा प्रारंभ होने जा रही है. इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा तथा गंभीर रोगियों के उपचार में काफी सहूलियत मिलेगी. ब्लड बैंक की स्थापना की दिशा में पूर्व से प्रयास चल रहे हैं और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं के तहत निरीक्षण एवं तैयारियां भी पूरी की जा रही हैं.
केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण
ब्लड बैंक की स्थापना की प्रक्रिया के तहत केंद्रीय टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, उपकरणों तथा आवश्यक मानकों का जायजा लिया गया. निरीक्षण के उपरांत ब्लड बैंक शुरू करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति होने की उम्मीद जताई गई.

Also Read: जैप-1 में पहुंचे सभी आला अधिकारी, मुख्यमंत्री के आते ही कार्यक्रम की होगी शुरुआत
विधायक मद से मिली राशि
चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने ब्लड बैंक की स्थापना के लिए विधायक मद से राशि उपलब्ध कराई है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. ब्लड बैंक शुरू होने से चक्रधरपुर, मनोहरपुर, सोनुआ, गोइलकेरा, बंदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रक्त के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. आपातकालीन स्थिति में समय पर रक्त मिलने से कई मरीजों की जान बचाई जा सकेगी.
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल
उल्लेखनीय है कि रेलवे अस्पताल में पहले से ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है. ब्लड बैंक की स्थापना से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए शीघ्र ब्लड बैंक संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई है.


