Ranchi: रांची में लगातार हो रही बिजली कटौती और विशेष रूप से व्यावसायिक क्षेत्रों में लंबे समय तक बाधित आपूर्ति को लेकर झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स और जेबीवीएनएल के अधिकारियों के बीच बैठक हुई. चैम्बर पदाधिकारियों ने अनियमित बिजली आपूर्ति, लो-वोल्टेज और बिना सूचना के पावर कट पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे शहर की व्यापारिक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं. बैठक में बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं और उनके कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई.
नियमित मॉनिटरिंग के जरिए स्थिति बेहतर करने का आश्वासन
जेबीवीएनएल अधिकारियों ने बताया कि बढ़ते लोड, जर्जर इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसफार्मरों की सीमित क्षमता, तकनीकी फॉल्ट, ट्रिपिंग और मौसम संबंधी प्रभाव जैसी समस्याएं बिजली बाधित होने के प्रमुख कारण हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि लोड मैनेजमेंट में सुधार, पुराने उपकरणों का चरणबद्ध बदलाव, फॉल्ट रेस्पॉन्स समय कम करने और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए स्थिति बेहतर की जाएगी. साथ ही व्यावसायिक क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में जल्द कदम उठाए जाएंगे.
