Click Here
Click Here
Click Here

चांडिल: तुलग्राम में ज्येष्ठ उत्सव पर छऊ नृत्य और झूमर की धूम, हरेलाल महतो रहे मुख्य अतिथि

Saraikela: पहले ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर चांडिल प्रखंड के तुलग्राम गांव में शनिवार शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन...

Chandil
कलाकारों को किया गया पुरस्कृत

Saraikela: पहले ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर चांडिल प्रखंड के तुलग्राम गांव में शनिवार शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक मानभूम छऊ नृत्य एवं झूमर संगीत की प्रस्तुति ने समा बांध दिया. कार्यक्रम में आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता हरेलाल महतो बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरेलाल महतो और स्थानीय गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलन के साथ किया. इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने ढोल, नगाड़ा और शहनाई की थाप पर वीर रस से ओत-प्रोत छौ नृत्य प्रस्तुत किया.

महिषासुर वध और राम-रावण युद्ध का मंचन

कलाकारों ने रंग-बिरंगे मुखौटे और पारंपरिक वेशभूषा में महिषासुर वध एवं राम-रावण युद्ध के दृश्यों का जीवंत मंचन किया. छऊ नृत्य के कठिन करतब, ऊंची छलांग और लयबद्ध युद्ध कला को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. दर्शकों ने हर करतब पर तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया.

कार्यक्रम में महिला मंडली द्वारा झूमर गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसमें कुड़माली लोकगीतों पर ग्रामीण महिलाएं थिरकती नजर आईं. मादल और ढोल की थाप पर झूमर के गीतों ने माहौल को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया.

कलाकारों को किया गया पुरस्कृत

इस दौरान मुख्य अतिथि हरेलाल महतो ने छऊ नृत्य पार्टी को पुरस्कृत भी किया. उन्होंने कलाकारों को अंगवस्त्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया और लोक कला को जीवित रखने के लिए उनका आभार जताया.

मौके पर मुख्य अतिथि हरेलाल महतो ने अपने संबोधन में कहा कि “छऊ और झूमर झारखंड की आत्मा हैं. ये सिर्फ नृत्य-गान नहीं, बल्कि हमारी पहचान, इतिहास और संस्कृति हैं. इन्हें बचाना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है.” उन्होंने आयोजक समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी.

ग्राम प्रधान ने बताया कि ज्येष्ठ माह में हर साल तुलग्राम में यह सांस्कृतिक उत्सव मनाया जाता है. इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक परंपराओं से जोड़ना है. देर रात तक चले इस कार्यक्रम में आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए.

यह भी पढ़ें: मुरहू में तेज रफ्तार थार पुल से 20 फीट नीचे गिरी, महिला समेत चार घायल

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *