Chatra: बहुचर्चित दिव्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हंटरगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी अनुसंधान की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है. इसी कड़ी में बिहार के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हंटरगंज थाना पहुंचकर थाना प्रभारी प्रभात कुमार को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया. साथ ही पूरी पुलिस टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी.
जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की
प्रतिनिधिमंडल में बिहार के वरिष्ठ नेता रामाधार सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य जयहिंद पासवान, विधायक प्रतिनिधि रौशन सिंह सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे. सभी ने कहा कि दिव्या हत्याकांड क्षेत्र का अत्यंत संवेदनशील मामला था और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है.
‘वैज्ञानिक जांच और तत्परता से मिली सफलता’
वक्ताओं ने कहा कि पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के जरिए मुख्य आरोपी तक पहुंचकर पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है. इस कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है.
‘बेहतर पुलिसिंग से बढ़ा जनता का भरोसा’
रामाधार सिंह ने कहा कि यदि पुलिस ईमानदारी, पारदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करे तो कोई भी अपराधी कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता. पूर्व जिला परिषद सदस्य जयहिंद पासवान ने कहा कि त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद मिली है और समाज में कानून के प्रति विश्वास बढ़ा है.
थाना प्रभारी की कार्यशैली की हुई प्रशंसा
विधायक प्रतिनिधि रौशन सिंह ने थाना प्रभारी प्रभात कुमार की नेतृत्व क्षमता, अनुशासित कार्यशैली और आम लोगों के प्रति सकारात्मक व्यवहार की सराहना की. उन्होंने कहा कि पूरी टीम के समर्पण से ही इस चर्चित मामले का सफल खुलासा संभव हो सका.
प्रभात कुमार बोले, यह सम्मान पूरी टीम का है
सम्मान से अभिभूत थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक अधिकारी का नहीं, बल्कि पूरी हंटरगंज पुलिस टीम के सामूहिक परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में सम्मान और उत्साह का माहौल रहा. उपस्थित लोगों ने कहा कि दिव्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी चतरा पुलिस की बड़ी उपलब्धि है और इससे क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग तथा जनविश्वास दोनों मजबूत हुए हैं.
