palamu : वरिष्ठ साहित्यकार, आयुर्वेदाचार्य एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता वैद्य महेंद्र ठाकुर का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वे हुसैनाबाद के संगत मोहल्ला निवासी थे. उनके निधन से पूरे पलामू प्रमंडल में साहित्यिक, सामाजिक, राजनीतिक और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. वैद्य महेंद्र ठाकुर न केवल एक कुशल आयुर्वेदाचार्य थे, बल्कि एक सक्रिय साहित्यकार और साहित्यिक संस्था ‘सरोकार’ के अध्यक्ष भी थे. उन्होंने राजद संगठन में भी लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पार्टी से गहराई से जुड़े रहे.
वैद्य महेंद्र ठाकुर का निधन, आयुर्वेद व साहित्य जगत में शोक की लहर
आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है. बताया जाता है कि अविभाजित बिहार के समय, जब लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री थे, तब वैद्य महेंद्र ठाकुर उन्हें विशेष आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराने के लिए कई बार पटना भी जाते थे. पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी उनके आयुर्वेदिक ज्ञान और चिकित्सकीय अनुभव की सराहना करते थे. उनके पुत्र अविनाश चंद्रा ने जानकारी दी कि रविवार को उनका पार्थिव शरीर हुसैनाबाद स्थित पैतृक आवास लाया जाएगा. सोमवार, 29 जून 2026 को सुबह 8 बजे उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद सोन नदी तट स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनके निधन पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों, राजनीतिक नेताओं और साहित्यकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है.

Also Read : फीफा विश्वकप 2026 : अब नॉकआउट राउंड की शुरुआत, ‘राउंड ऑफ 32’ में पहुंचने वाली दिग्गज टीमों का नाम जानिए


