चतरा: राजस्थान में चतरा के युवक की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप पर फूटा गुस्सा

Chatra: जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव के एक युवक की राजस्थान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से...

चतरा
सड़क जाम

Chatra:  जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव के एक युवक की राजस्थान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मृतक की पहचान महेंद्र गंझू के रूप में हुई है, जो रोजगार के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया.

दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि महेंद्र के साथ राजस्थान गए उसके दोस्तों ने किसी विवाद के बाद उस पर खौलता हुआ पानी डाल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए.

शव रखकर मुख्य सड़क किया जाम

महेंद्र का शव गांव पहुंचने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लावालौंग चौक पर शव रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

सड़क जाम की सूचना मिलते ही BDO बिपिन भारती और लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

ALSO READ: गुमला: मात्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों व शिक्षकों ने BFSc अभ्यर्थियों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन

50 हजार रुपये मुआवजे के आश्वासन के बाद खुला जाम

BDO बिपिन भारती ने श्रम विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया. वहीं थाना प्रभारी चंदन कुमार ने परिजनों के आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो गया.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *