Ranchi: राजधानी में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची नगर निगम ने मंगलवार से बड़ा अभियान शुरू कर दिया. कांके रोड के राम मंदिर से हरमू रोड तक चले विशेष अभियान में अवैध कब्जों पर कार्रवाई की गई, बिना ट्रेड लाइसेंस चल रही पांच दुकानों को बंद कराया गया और एक अवैध गुमटी को हटाया गया.
अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर निगम ने बताया कि राम मंदिर (कांके रोड) से रातू रोड चौक, हरमू बायपास, कैलाशपति मिश्र चौक होते हुए धुर्वा तक मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है. इसी के तहत पहले चरण में राम मंदिर से शनि मंदिर, हरमू रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सबसे पहले पूरे इलाके में माइकिंग कर लोगों से खुद ही अतिक्रमण हटाने की अपील की गई. इसके बाद राम मंदिर के पास बनी एक अवैध गुमटी को हटाया गया.

अभियान लगातार जारी रहेगा
कार्रवाई के दौरान सीएन होंडा शोरूम, राज कॉम्प्लेक्स और आसपास के प्रतिष्ठानों की जांच की गई. जांच में पांच प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें तत्काल बंद करा दिया गया. साथ ही प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने पर भवन मालिकों और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि आगे से पार्किंग केवल अपने परिसर के अंदर ही करें. इसके अलावा न्यू पुलिस लाइन मोड़ पर एक ढाबे द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया. वहीं हरमू रोड स्थित गौशाला के पास एक गोदाम बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित मिलता पाया गया, जिसे भी तत्काल बंद करा दिया गया. नगर निगम की टीम ने पूरे मार्ग पर लगे अवैध पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और दीवारों पर चिपकाए गए विज्ञापनों को भी हटाया, ताकि सड़क को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जा सके. नगर निगम ने साफ किया है कि मॉडल कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त, सुचारु यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
AlsoRead:रांची: सड़क दुर्घटना में मृत महिला के परिजनों को 34.39 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश


