Ranchi: भाजपा नेता आदित्य साहू ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, लेकिन कांग्रेस ने लोकलाज को पूरी तरह खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा कि जिस राज्य में पिछले छह वर्षों से कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है, वहां JPSC, CGL, उत्पाद सिपाही बहाली और शिक्षक नियुक्ति जैसी भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं. इन मामलों पर कांग्रेस कभी जवाब नहीं देती.

JPSC अध्यक्ष के इस्तीफे का भाजपा ने लिया श्रेय
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के लगातार दबाव के कारण ही JPSC अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा. उन्होंने मांग की कि JPSC से जुड़े सभी कथित घोटालों और अनियमितताओं की CBI जांच कराई जाए ताकि युवाओं को न्याय मिल सके.
कांग्रेस पर लोकतंत्र और राष्ट्र का अपमान करने का आरोप
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दिल्ली में युवाओं को इकट्ठा कर लोकतंत्र के मंदिर में घुसने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश को बदनाम करने का रहा है और वह केवल दिखावे की राजनीति कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने संवेदनशील क्षेत्रों में जाकर केवल फोटोशूट और राजनीतिक नाटक किया.
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के सम्मान का मुद्दा उठाया
आदित्य साहू ने कहा कि देश की राष्ट्रपति एक गरीब परिवार से आती हैं, लेकिन कांग्रेस ने उनके सम्मान का भी विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर कांग्रेस ने देश को शर्मसार किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के होते हैं और ऐसे पद का सम्मान होना चाहिए.
NEET पेपर लीक पर केंद्र सरकार की कार्रवाई का किया बचाव

उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई की. दोबारा परीक्षा कराई गई, जिससे योग्य छात्र सफल हुए. उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को जेल भेजा गया है और बाकी आरोपियों के खिलाफ भी फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है. दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
कांग्रेस कार्यालय घेराव और पत्थरबाजी का आरोप
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे, जबकि विरोध लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि एक दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान पत्थर या टमाटर लेकर नहीं गए थे.
पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पूरे मामले में एकतरफा कार्रवाई की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार किया. उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी में भाजपा नेता संजय चौधरी घायल हुए, जिन्हें टांके लगाने पड़े. कई अन्य कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं. उन्होंने मांग की कि पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए. साथ ही कहा कि भाजपा इस मामले को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराएगी.
