Giridih: जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ,गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से DC रामनिवास यादव ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समावेशी वातावरण और सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
शिक्षा योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक में मध्याह्न भोजन योजना, समग्र शिक्षा अभियान, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, पोशाक और छात्रवृत्ति योजना, ई-विद्यावाहिनी, स्मार्ट क्लास, ITC लैब, पुस्तकालय, विद्यालय भवन, पेयजल और शौचालय सहित विभिन्न शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का बिंदुवार आकलन किया गया. DC ने सभी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया.
बायोमेट्रिक उपस्थिति और ई-विद्यावाहिनी से होगी नियमित निगरानी
DC ने शिक्षकों और कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल के माध्यम से विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों को उपलब्ध कराई गई राशि का पारदर्शी और उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने की भी बात कही.
मध्याह्न भोजन और छात्र कल्याण योजनाओं पर विशेष फोकस
DC ने विद्यालयों में खाद्यान्न की समय पर उपलब्धता, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पोषण वाटिका (किचन गार्डेन), रसोइयों की व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक विषयों की भी विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं को पोशाक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराया जाए.
नामांकन और सीखने के स्तर में सुधार पर जोर
DC रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं. उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील करते हुए विद्यार्थियों के नामांकन, नियमित उपस्थिति और सीखने के स्तर में सतत सुधार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.
