Ranchi: राजधानी रांची के नामकुम अंतर्गत अमेठिया नगर में सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है. स्थानीय ग्रामीणों ने ठेकेदार केदार गोप पर काम को बीच में ही अधूरा छोड़कर भागने का आरोप लगाया है. सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों में प्रशासन और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ तीव्र आक्रोश है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण के तय मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई है. नियम के मुताबिक सड़क के दोनों तरफ का निर्माण किया जाना था. ठेकेदार ने वहां ईंट या पत्थर लगाने के बजाय सिर्फ मिट्टी डालकर छोड़ दिया है. पहली ही बारिश में यह मिट्टी बह जाएगी, जिससे सड़क धंसने और दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है.
आधा-अधूरा काम छोड़ने का ठेकेदार पर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, इस सड़क का निर्माण शिव तिरुपति अपार्टमेंट से लेकर देवेंद्र सिंह के घर तक किया जाना था. आरोप है कि ठेकेदार ने शिव तिरुपति अपार्टमेंट से एस.एस. हाइट अपार्टमेंट तक सड़क की ढलाई ही नहीं की. इसके बाद एस.एस. हाइट से आगे देवेंद्र सिंह के घर तक का काम भी आधा-अधूरा किया और बिना पूरा किए ही साइट से फरार हो गया.
ठेकेदार केदार गोप का बयान
इस मामले को लेकर जब संबंधित ठेकेदार केदार गोप से बात की गई, तो उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि कुछ काम अधूरा जरूर छूटा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. ठेकेदार का दावा है कि उन्होंने ग्रामीणों की इच्छानुसार और उनके कहे अनुसार ही काम को अंजाम दिया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में दखल देने का आग्रह किया है और जांच कर जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है.
ALSO READ: कोडरमा: प्रखंड सभागार में विधिक सेवा सह-सशक्तिकरण शिविर का आयोजन
