Koderma: जिला विधिक सेवा प्राधिका के तत्वावधान में मंगलवार को जयनगर प्रखंड सभागार में विधिक सेवा सह-सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया तथा विभिन्न विभागों की सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन एसीजेएम सह प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार प्रज्ञा बाजपेई, प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार,अंचल अधिकारी सारांश जैन, डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता नवल किशोर एवं अरुण कुमार ओझा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.अतिथियों का पारंपरिक मुकुट,अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया. मुख्य अतिथि प्रज्ञा बाजपेई ने कहा कि जागरूक होकर ही लोग अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकते हैं. कोई भी व्यक्ति आर्थिक या अन्य साधनों के अभाव में न्याय से वंचित नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य है.
धन्यवाद ज्ञापन
BDO गौतम कुमार ने कहा कि विधिक सेवा सह-सशक्तिकरण शिविर आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं. वहीं अंचल अधिकारी सारांश जैन ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक और सक्रिय होने की अपील करते हुए कहा कि अब पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है. डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता नवल किशोर ने शिक्षा को व्यक्तित्व विकास का सबसे प्रभावी माध्यम बताया,जबकि अधिवक्ता अरुण कुमार ओझा ने अभिभावकों से बच्चों की बेहतर शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की. कार्यक्रम का संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन अंचल निरीक्षक ने किया.
बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित
शिविर में जेएसएलपीएस, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए. अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया. इस दौरान पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया. मौके पर पीएलवी शिव कुमार, दिनेश कुमार रजक, रेखा कुमारी, उषा कुमारी, चमेली देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे.
AlsoRead:कोडरमा: मरकच्चो मे 23 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप, पेयजल और पढ़ाई प्रभावित
