Chatra: नगर अध्यक्ष से जुड़े चर्चित मामले में आज अदालत परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा. राजेश कुमार द्वारा दायर वाद में निर्वाचित अध्यक्ष अताउर रहमान पर दो से अधिक बच्चे होने का आरोप लगाते हुए न्यायालय से हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई थी. मामले में आज हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद सिंह ने विस्तृत बहस की. बहस के उपरांत सिविल कोर्ट के सब जज ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए आगे की सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया.
स्पीडी ट्रायल की अपील
वादी पक्ष की ओर से मामले के त्वरित निष्पादन हेतु स्पीडी ट्रायल की भी अपील की गई है. बताया जा रहा है कि निर्वाचित नगर अध्यक्ष पर दो से अधिक बच्चों का आरोप लगाते हुए वाद दर्ज कराया गया था, जिसे लेकर अब न्यायिक प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है. अदालत के इस कदम के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा और हलचल और बढ़ गई है. सुनवाई के दौरान अधिवक्ता कन्हैया कुमार, सतीश पांडे, राजन, संदीप, अमर कुमार सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी वादी पक्ष का सहयोग किया. अब सबकी नजर अगली सुनवाई पर टिकी है, जहां मामले की दिशा और स्पष्ट होगी. अध्यक्ष अताउर रहमान ने बताया कि न्यायालय का निर्णय सर्वोपरि है.
यह भी पढ़ें: जनता दरबार में डीसी रामनिवास यादव ने सुनी समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए सख्त निर्देश
