Giridih: गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
प्रत्येक आवेदनों का निष्पादन पारदर्शिता के साथ किया जाए
जनता दरबार में पारिवारिक विवाद, भूमि एवं ज़मीन से जुड़े मामले, लगान रसीद, म्यूटेशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतों सहित कई प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए. उपायुक्त ने सभी मामलों को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया, कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति से उन्हें अवगत कराया जाए. उपायुक्त ने दोहराया कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उपायुक्त ने लाभुकों से ली योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी
इस अवसर पर उपायुक्त ने लाभुकों से संवाद स्थापित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी भी ली. जिन लोगों ने योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की, उनके मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए. उन्होंने वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
उपायुक्त ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है. जनता दरबार को उन्होंने प्रशासन और आम जनता के बीच सशक्त संवाद का माध्यम बताते हुए कहा कि इससे समस्याओं के समाधान में तेजी आती है और पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित होती है.
इस मौके पर अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: रांची में अवैध पानी माफिया पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, जार प्लांट सील, 50 हजार ठोका जुर्माना
