मनीष भारद्वाज
Ranchi: राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर जिला परिवहन कार्यालय (DTO) और यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 के बीच महज 13 महीनों में 10,790 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित (सस्पेंड) कर दिए गए हैं. यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 19 और केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 21 के तहत की गई है. प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा. लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड एटीएस ने पांच जिले में संगठित अपराधिक गिरोह से जुड़े 150 से ज्यादा संदिग्धों का लिस्ट किया तैयार

खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर हुई. धारा 184 के तहत 4,610 लाइसेंस निलंबित किए गए. इसके अलावा असुरक्षित वाहनों के संचालन के मामले में धारा 190 के तहत 2,588 चालकों पर कार्रवाई हुई. हेलमेट नहीं पहनने वालों पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई. धारा 194D के तहत 1,745 लोगों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए. वहीं ट्रिपल राइडिंग करने वाले 1,642 चालकों पर कार्रवाई हुई. ओवरस्पीडिंग के 194 मामलों में लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि सड़क पर रेस और स्टंट करने के एक मामले में भी कार्रवाई दर्ज की गई.
अगस्त 2025 के बाद अभियान ने पकड़ी रफ्तार
माहवार आंकड़ों पर नजर डालें तो अगस्त 2025 से कार्रवाई में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. अप्रैल 2025 में 359, मई में 459, जून में 234 और जुलाई में 350 लाइसेंस निलंबित हुए थे. इसके बाद अगस्त में 1,166, सितंबर में 1,171 और अक्टूबर में 728 चालकों पर कार्रवाई की गई. नवंबर 2025 में 1,145 और दिसंबर 2025 में रिकॉर्ड 1,381 लाइसेंस सस्पेंड किए गए, जो पूरे अभियान के दौरान एक महीने में सबसे बड़ी कार्रवाई रही.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: मदरसा को लेकर जमकर हंगामा, भारी संख्या मे पुलिस बल तैनात
2026 में भी जारी रही सख्ती
साल 2026 के शुरुआती चार महीनों में ही 3,797 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए. जनवरी में 979, फरवरी में 919, मार्च में 824 और अप्रैल में 1,075 चालकों पर कार्रवाई हुई.
