Simdega : विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर रविवार को सिमडेगा के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम रोड पर खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया. खेल मंत्रालय, भारत सरकार और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देश में यह आयोजन किया गया. आयोजन झारखंड साइकिलिंग संघ और जिला साइकिलिंग संघ की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से प्रतियोगिता आयोजित किया गया. प्रतियोगिता में जिले की लगभग 300 बालिका खिलाड़ियों एवं साइकिलिंग प्रेमियों ने भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की, जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मेक्सिमा लकड़ा, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रभारी प्राचार्य यदुनाथ टुडु और खेल संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर किया.
पहला स्थान रेश्मा कुमारी ने हासिल किया
सीनियर वर्ग में रेश्मा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया. रेश्मा सूरीन दूसरे और दिव्यानी तीसरे स्थान पर रहीं. जूनियर वर्ग में तारकेलेन टेटे ने स्वर्ण, प्रतिमा ने रजत और बबली जोजो ने कांस्य पदक हासिल किया. वहीं सब जूनियर वर्ग में अनीसा कुमारी प्रथम, उषा द्वितीय और अनुप्रिया तृतीय स्थान पर रहीं. समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
महिला खिलाड़ियों को मंच देना उद्देश्य
उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और साइकिलिंग के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है. जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि सिमडेगा की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा.
ALSO READ : झारखंड : जियोलॉजी के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, भूतत्व विभाग देगा स्टाइपेंड के साथ ट्रेनिंग


